पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के दौरे के बाद रेलवे प्रशासन ने कासगंज जंक्शन के प्लेटफार्म के नंबरों में बदलाव किया है। पांच नंबर प्लेटफार्म से बरेली, मथुरा, कानपुर की ओर ट्रेनों का संचालन होगा, जबकि दो प्लेटफॉर्म डाक लाइन बनाए गए हैं। हालांकि अभी बरेली में कासगंज दिशा की ओर पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बरेली सिटी के प्लेटफार्म पर तीन से हो रहा है।
गौरतलब है कि कासगंज जंक्शन पर पहले 1 से 7 तक प्लेटफार्म थे। इनमें डाक लाइन प्लेटफार्म भी शामिल थे, जिससे यात्रियों को कंफ्यूजन हो जाता था। महाप्रबंधक के दौरे के दौरान प्लेटफार्मों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिसमें तय हुआ कि ट्रेनों के संचालन के प्लेटफॉर्मों को एक क्रम में रखा जाए, जबकि डाक लाइन प्लेटफार्म को अलग नाम दिए जाएं।
रेलवे ने निर्देशों के मुताबिक प्लेटफार्मों के क्रम में बदलाव कर दिया है। यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए प्लेटफार्म क्रमांक 1 से 5 तक ट्रेनों का संचालन होगा। इन्हीं प्लेटफार्मों पर पैसेंजर ट्रेनें आएंगी-जाएंगी। प्लेटफॉर्म संख्या 1ए को फर्रुखाबाद डाक लाइन बनाया गया है। प्लेटफॉर्म संख्या 1बी को मथुरा डाक लाइन बनाया गया है।
कासगंज रेलवे के स्टेशन अधीक्षक बीके श्रीवास्तव ने बताया कि कासगंज जंक्शन से बरेली सिटी को चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों (55343 और 55345) का संचालन अब प्लेटफार्म संख्या पांच से होगा। सभी प्लेटफॉर्मों पर नए नंबर लगा दिए गए हैं, जिससे यात्रियों को कोई असुविधा न हो। इसके अलावा बरेली सिटी के स्टेशन अधीक्षक एके सिंह ने बताया कि अभी तक कासगंज को चलने वाली सभी पैसेंजर ट्रेनों 55344 और 55346 का संचालन प्लेटफार्म संख्या तीन से हो रहा है।
ये होता है डाक लाइन प्लेटफार्म
एनआर के स्टेशन अधीक्षक चेतन स्वरूप शर्मा ने बताया कि डाक लाइन को इंजन और कोच को खड़ा करने में प्रयोग में लिया जाता है। बरेली में प्लेटफार्म संख्या चार और पांच डाक लाइन के रूप में कभी कभार प्रयोग में लिए जाते हैं।