कैंट पुलिस ने पैर में मारी गोली, निजी अस्पताल में तोड़ा दम
बरेली। कैंट के चर्चित गांव बभिया का हिस्ट्रीशीटर करन उर्फ छोटू शनिवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पैर में गोली लगने के बाद निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। 15 हजार के इनामी करन पर जिले में ही 13 मुकदमे दर्ज थे। करन जून, 2013 में हुई कैंट थाने के सिपाही अनिरुद्ध यादव की हत्या में मुख्य आरोपी था। देर रात एसएसपी ने प्रेसवार्ता में मुठभेड़ में करन की मौत होना स्वीकारते हुए टीम को शाबासी दी।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि 27 वर्षीय करन उर्फ छोटू शनिवार शाम साढ़े छह बजे बाइक से दो अन्य लोगों के साथ सदर बाजार से पालपुर कमालपुर गांव की ओर जा रहा था। कैंट पुलिस की टीम ने संदेह के आधार पर उसे टोका तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से वह गिर पड़ा, जबकि उसके साथी भाग गए। पुलिस टीम उसे लेकर जिला अस्पताल आई। यहां हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में डॉक्टर पल्स डाउन होने से मौत की बात कह रहे हैं। सही स्थिति रविवार को पोस्टमार्टम से पता लगेगी। परिवार को सूचना दे दी गई है। एसएसपी ने बताया कि करन पर कई जिलों में हत्या, लूट, रंगदारी के मुकदमे दर्ज थे। फिलहाल वह हत्या की कोशिश के एक मामले में वांछित था।