बरेली। करोड़ों की जमीन के खेल से जुड़े मामले में कानपुर नगर निगम ने तस्दीक कर दी है कि संतोष टंडन नाम के शख्स की 21 साल पहले ही मौत हो चुकी है। वहां से रिकाॅर्ड का सत्यापन कर इज्जतनगर पुलिस की टीम बरेली लौट आई है। अब दो मुकदमों में नामजद आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।
21 साल पहले मृत संतोष टंडन की पहचान ओढ़कर बरेली के राजू नाम के शख्स ने बड़ा खेल कर दिया था। उसने इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित उस बेशकीमती जमीन का बैनामा कर दिया था जो किसी जमाने में संतोष टंडन के नाम रही थी। इसे बेचने के बदले पीलीभीत के राइस मिलर से पचास लाख रुपये से ज्यादा की रकम ठग ली। पिछले दिनों बरेली पुलिस ने राजू समेत तीन आरोपियों को जेल भेजकर घटनाक्रम का खुलासा किया था।
मामले में दो मुकदमे लिखे गए हैं। संतोष टंडन की बेटी बताई जा रही प्रियंका टंडन ने एक मुकदमे में वादी बनकर दावा किया था उनके पिता की मौत वर्ष 2003 में हो चुकी है। मौत कानपुर में हुई थी जिसका मृत्यु प्रमाणपत्र भी उसने पेश किया। संतोष टंडन की मौत का राज जानने इज्जतनगर पुलिस की टीम कानपुर भेजी गई थी जो बुधवार को लौट आई। वहां नगर निगम से संतोष टंडन के उस मृत्यु प्रमाणपत्र का सत्यापन हो गया जो प्रियंका ने पेश किया था। इज्जतनगर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि अब संबंधित जमीन की राजस्व टीम से पैमाइश कराई जाएगी। अमर उजाला ब्यूरो