बरेली। तमाम चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद अस्पतालों के अवैध संचालन पर अंकुश नहीं लग रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शाहदाना रोड स्थित कमाल अस्पताल का निरीक्षण किया। संचालन संबंधी अभिलेख न दिखाने पर लैब, ऑपरेशन थिएटर सील कर दिया गया।
साथ ही, अस्पताल संचालन संबंधी दस्तावेज तीन दिन में प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया है। यह न मिलने की स्थिति में अस्पताल को भी सील करने की चेतावनी दी गई है। एसीएमओ राकेश कुमार के मुताबिक, फायर और इलेक्ट्रिक सेफ्टी ऑडिट के दौरान कमाल पैथोलॉजी लैब बिना पंजीकरण संचालित मिलने पर तत्काल सील की गई।
संचालन संबंधी पंजीकरण मांगने पर अस्पताल प्रशासन मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर ऑपरेशन थिएटर सीलिंग की कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी अस्पताल, पैथोलॉजी, लैब, नर्सिंग होम, पॉलीक्लीनिक का पंजीकरण, फायर सेफ्टी सिस्टम की एनओसी, इलेक्ट्रिक सेफ्टी ऑडिट के बाद ही किया जाएगा।
फोटो :
मालिकाना विवाद में प्रकाश अस्पताल पर लगाई सील
बरेली। बीते दिनों प्रकाश हॉस्पिटल की मालकिन डॉ. मालती अग्रवाल की शिकायत पर पंजीकरण न होने पर संचालन बंद करा दिया गया है। डॉ. मालती ने सीएमओ को प्रार्थना पत्र सौंपकर अनुरोध किया था कि विधिक रूप से अस्पताल कि वे मालिकान हैं।
आरोप था कि अस्पताल अन्य व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से संचालित हो रहा है। प्रकरण की जांच के बाद आदेशानुसार एसीएमओ राकेश कुमार की अध्यक्षता में डॉ. लईक अहमद अंसारी, सुनील कुमार, राहुल कुमार की मौजूदगी में प्रकाश अस्पताल को बंद कराया गया। अस्पताल बंद कराने के दौरान कोई मरीज भर्ती नहीं था। भविष्य में बिना पंजीकरण अस्पताल संचालन पर विधिक कार्रवाई का नोटिस चस्पा किया है। ब्यूरो