बरेली। आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी का उर्से कादरी रजवी छह दिसंबर से शुरू हो रहा है। तीन रोजा उर्स के कार्यक्रम सीबीगंज मथुरापुर स्थित मरकज जामियातुर रजा (इस्लामिक स्टडी सेंटर) में संपन्न होंगे। इसमें मुख्य अतिथि बगदाद शरीफ स्थित आस्ताना गौसे आजम के सज्जादानशीन शेख सैय्यद अहमद होंगे।
दरगाह आला हजरत स्थित अजहरी सभागार में जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और शहर काजी मौलाना असजद रजा खां कादरी के साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता मौलाना शहाबउद्दीन रजवी और महासचिव नाजिम बेग ने प्रेसवार्ता में उर्से कादरी रजवी की घोषणा की। उन्होंने बताया कि उर्स के कार्यक्रम जानशीन मुफ्ती आजम हिंद अल्लामा अख्तर रजा खां (अजहरी मियां) की सरपरस्ती में होंगे। इसमें जामिया अजहर काहिरा (मिस्र) के उलमा (शिक्षकों) की टीम आ रही है। वहीं लेबनान, तुर्की, अरब मुत्तहिदा, अरब अमीरात के उलेमा और स्कालर्स भी पहुंच रहे हैं।
उर्स का तीन रोजा कार्यक्रम
उर्स के पहले रोज 6 दिसंबर को जमात रजा मुस्तफा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें मुस्लिम एजेंडा जारी किया जाएगा। सात दिसंबर को सुबह 7 बजे इमाम अहमद रजा ट्रस्ट की बैठक होगी। रात 8.30 बजे से अंतारराष्ट्रीय इमाम अहमद रजा कांफ्रेंस होगी। रात 1.40 बजे मुफ्ती आजम का कुल होगा। आठ दिसंबर को सुबह आठ बजे से तकरीरी कार्यक्रम होगा। इसके बाद दोपहर 2.38 बजे कुल शरीफ होगा। उर्स के दौरान हर रोज सुबह छह बजे अजहरी मेहमान खाने और इस्लामिक सेंटर पर कुरान ख्वानी व नातो मनकबत का कार्यक्रम होगा।