पीड़ित ने थाना नवाबगंज और प्रदूषण विभाग को शिकायतीपत्र सौंपा
नवाबगंज। कस्बे में खुले कबाड़खानों में उनके संचालक रात के अंधेरे में पाॅलीथीन और टायर जला रहे हैं, जिससे निकलने वाला धुआं लोगों को बीमार बना रहा है। इस मामले को लेकर कस्बे के एक व्यक्ति ने थाना नवाबगंज और प्रदूषण विभाग को शिकायतीपत्र सौंपा है।
कस्बे के कबाड़खाना मार्ग पर छह से अधिक कबाड़खाने की दुकानें खुली हैं। मोहल्ला नीमगढ़ निवासी अवेनश कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं। अवनेश कुमार गुप्ता का कहना है कि बस्ती के बीचो-बीच कबाड़खाना की दुकानें खुली हैं। कबाड़खाना संचालक रात में पाॅलीथीन, टायर आदि जलाते हैं, जिससे निकलने वाले धुएं से लोगों की सांसें फूल रही हैं। बीती रात उनकी हालत खराब हो गई। उनकी सांस फूलने लगी तो उनके परिजन अस्पताल ले जाकर उनका उपचार कराया। उनका कहना है कि मोहल्ले में बुर्जग, बच्चों और बीमार लोगो का भी यही हाल है। मना करने के बाद भी कबाड़खाना मालिक अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इससे परेशान होकर राजू गुप्ता, प्रेमशंकर, राहुल आदि ने थाना नवाबगंज में तहरीर दी है। संवाद
पुलिए को दिए जांच के आदेश
इस मामले में कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस को जांच के आदेश दिए गए हैं। शीघ्र आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दुकानों में पाॅलीथीन और टायर जलाने की अनुमति नहीं है। इस मामले में प्रदूषण विभाग की भी मदद ली जाएगी।