बिशारतगंज। पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग से कस्बे के वार्ड आठ व तीन को जोड़ने वाली सड़क मरम्मत के अभाव में जर्जर और ऊबड़-खाबड़ हो गई है। जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे रास्ते से निकलना लोगों का दूभर हो गया है। नगर पंचायत पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए इस संदर्भ में लोगों ने एसडीएम आंवला से शिकायत की है।
कस्बा निवासी बृजेश आजाद, आकाश, आसिफ, परवेज, फईम, अमन, फरहान आदि ने एसडीएम को भेजे शिकायतीपत्र में आरोप लगाया है कि आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बावजूद कस्बे की कई सड़कों की हालत जर्जर बनी हुई है। पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग से आ रही सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। जलभराव के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे है। पिछले दिनों दलदल में एक ई- रिक्शा पलट जाने से एक बच्चे के हाथ की हड्डी टूट गई थी। अन्य लोग चोटिल हुए थे। चेयरमैन मो. ताज लाल मियां कुरैशी ने बताया कि टूटी सड़क का मामला संज्ञान में है। जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा। संवाद