बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता रिटायर्ड सीओ जगदीश सिंह पाटनी को ठगने वाले गिरोह की छानबीन में कोतवाली पुलिस जुट गई है। अभी तक यह साफ नहीं है कि ठगी करने वाले आरोपी वास्तव में वही हैं जो बताए जा रहे हैं। एसएसपी की अनुमति लेकर पुलिस ऋषिकेश व लखनऊ में दबिश देगी।
जगदीश सिंह पाटनी से 25 लाख रुपये की ठगी उन्हें किसी आयोग का अध्यक्ष या बड़ी जिम्मेदारी देने के नाम पर कर ली गई। एसएसपी के आदेश पर उन्होंने कोतवाली में जूना अखाड़ा ऋषिकेश के गुरु आचार्य जयप्रकाश, बरेली निवासी शिवेंद्र प्रताप सिंह, दिल्ली निवासी दिवाकर गर्ग उसकी पत्नी प्रीति गर्ग व लखनऊ निवासी कथित ओएसडी हिमांशु पर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की पुरानी धाराओं में रिपोर्ट कराई है। इस प्रकरण में सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव जांच कर रहे थे।
उन्होंने जब पाटनी से मिले आरोपियों के मोबाइल पर कॉल की तब वह लोग आरोप स्वीकार नहीं कर रहे थे। वह जांच के लिए बुलाने पर भी नहीं आए। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में रुपये लेने के आरोप की पुष्टि हुई है।
- रिटायर्ड सीओ के साथ ठगी मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। अब उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर टीम ऋषिकेश व लखनऊ जाएगी। अभी यह भी जांच में स्पष्ट करना है कि आरोपी वही हैं जो बताए जा रहे हैं या फिर वह इन नाम व पहचान से छल कर रहे थे।
- पंकज श्रीवास्तव, सीओ प्रथम