बरेली। तनाव के चलते टेंपो चालक राकेश साहू ने मंगलवार दोपहर पुल से रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। हालांकि नदी में सिक्के ढूंढ रहे गोताखोरों ने उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।
फरीदपुर के गांव जिगनिया में रहने वाले राकेश परिवार के साथ करेली गौंटिया में रहकर टेंपो चलाते हैं। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे राकेश चौबारी पहुंचे और पुल से रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। यह देखकर नदी में सिक्के ढूंढ रहे गोताखोरों ने उन्हें निकाल लिया और रामगंगा चौकी पर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके परिजन को सूचना दी तो पत्नी सोनी पड़ोसियों के साथ वहां पहुंचीं और राकेश को अपने साथ ले गईं। सोनी ने बताया कि राकेश किसी बात को लेकर कुछ दिन से तनाव में हैं, लेकिन घरवालों को उन्होंने कुछ नहीं बताया।