बरेली। एनएमसी मैदान पर आयोजित दिवंगत गिरीश चंद्र भट्ट मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट में झुमका सिटी एफसी ने जोहर एफसी को टाईब्रेकर में 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। शिवप्रकाश ने टीम के लिए एकमात्र गोल किया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय में दोनों ही टीमें एक भी गोल नहीं कर पाईं। इसके बाद मुकाबले का निर्णय करने के लिए टाईब्रेकर का सहारा लिया गया।
इससे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एएफ बॉयज ने गांधी स्टेडियम सीनियर, झुमका सिटी एफसी ने महानगर एफसी, जोहर एफसी ने झुमका सिटी एफसी बी और यूथ एफसी ने गांधी स्टेडियम जूनियर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में झुमका सिटी एफसी ने एएफ बॉयज को 1-0 से पराजित किया। झुमका सिटी एफसी के अंकित बिष्ट ने मैच का एकमात्र गोल दागा। दूसरे सेमीफाइनल में जोहर एफसी ने यूथ एफसी को 2-0 से मात दी। जोहर एफसी की ओर से शान और अरुण ने गोल किए।
फाइनल मैच का शुभारंभ एनईआर मेंस कांग्रेस के रजनीश तिवारी, क्लब अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह बिष्ट ने किया। अतिथियों और क्लब के सदस्यों की ओर से विजेता टीम को 21,000 रुपये नकद और ट्रॉफी दी गई। उपविजेता टीम को 5100 रुपये और ट्रॉफी मिली। संवाद
शिव बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
झुमका सिटी एफसी के शिव प्रकाश को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का पुरस्कार जोहर एफसी के अमन को मिला। सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब झुमका सिटी एफसी के अरविंद कुमार वर्मा ने अपने नाम किया। मैच के दौरान विजय बहादुर सिंह बिष्ट, विनय यादव, अरविंद, राजेश सिंह रावत, दीनानाथ आदि उपस्थित रहे। रेफरी की भूमिका चंद्र यादव, मानवेंद्र सिंह, पुनीत कुमार, अमन और अंश ने निभाई।