बरेली। बिजली बिल जमा कराने वाली प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी राजीव कुमार की आत्महत्या के मामले में पत्नी पूजा ने सुसाइड नोट के साथ ही प्रेमनगर थाना पुलिस को तहरीर दी है। इसमें एक जेई का भी नाम है। पत्नी का आरोप है कि राजीव के साथी और बिजली निगम के लोग ही बिल जमा करने में गड़बड़ी करके कर्ज की रकम डकार गए।
तीन दिन पहले प्रेमनगर थाना क्षेत्र के निवासी राजीव कुमार ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। राजीव बिजली बिल जमा करने वाली प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। भाई ने उनके साथियों पर ही आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। अब राजीव का सुसाइड नोट सामने आने से उन आरोपों की पुष्टि हो रही है। पत्नी पूजा ने पुलिस को बताया है कि पति के कागजातों को देखने के दौरान एक कॉपी से यह सुसाइड नोट मिला है। पत्नी ने इन सभी लोगों पर पति के नाम से बिल जमा करने में गड़बड़ी करने, उनके नाम से कर्ज लेने व उन पर वसूली का दबाव बनाने का आरोप लगाया। इन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए कहा है। प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि तहरीर व सुसाइड नोट की जांच की जा रही है।
-
सुसाइड नोट में राजीव ने उकेरा दर्द
राजीव ने सुसाइड नोट में लिखा है कि जो भी कदम उठा रहा हूं, उसके जिम्मेदार विष्णु श्रीवास्तव और नंदू श्रीवास्तव हैं। इन दोनों ने मेरे नाम से लाखों रुपये कर्ज में लिए और चार लाख रुपये धमकी देकर मुझसे ले लिए। विष्णु ने मेरे नाम से ठगी भी की। दोनों लोग मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे है। रुपये नहीं देने पर मेरे घरवालों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे है। विष्णु की वजह से मुझे नौकरी से निकाला गया। उसी के कारण मुझे कर्जा लेना पड़ा। इस वजह से बच्चों का पालन भी नहीं कर पा रहा हूं। मुझे माफ कर देना मम्मी, पूजा, मेरे बच्चों। राजीव का सुसाइड नोट सामने के बाद पुलिस नंदू और विष्णु पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।
अमर उजाला ब्यूरो