सीबीगंज। रेलवे के डेमू वर्कशॉप से पटरियों समेत अन्य स्क्रैप लेकर गाजियाबाद जा रहा ट्रक शुक्रवार रात आठ बजे स्लीपर तिराहे पर खराब हो गया। इससे हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रक को हाईवे से हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही।
सीबीगंज स्थित रेलवे के डेमू वर्कशॉप से एक ट्रक स्क्रैप लेकर गाजियाबाद के लिए निकला था। बरेली-रामपुर रोड स्थित स्लीपर तिराहे पर वह खराब हो गया। चालक ने काफी कोशिश की, लेकिन ट्रक को वहां से हिला नहीं सका। इससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। बाद में क्रेन मंगाया गया। क्रेन के जरिये ट्रक को हाईवे से हटाने के दौरान रोड किनारे रखे दो खोखे भी टूट गए। रात नौ बजे के बाद ट्रक को हाईवे से हटाया जा सका। एक घंटे तक हाईवे की एक लेन पर यातायात बाधित रहा। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात 10 बजे के बाद यातायात सामान्य हो सका।