बरेली। चौपुला चौराहा पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास व्यवस्थित तरीके से काम न होने से पब्लिक को राहत नहीं मिल रही है। सेतु निगम ने भीड़भाड़ वाले इस चौराहे के पास बड़ा गड्ढा खोद दिया था। साथ ही चौपुला से चौकी चौराहा जाने वाली सर्विस रोड को भी बंद कर दिया था। इससे स्थानीय दुकानदारों के साथ लोगों को भी दुश्वारी झेलनी पड़ रही है। मंगलवार सुबह बारिश से यहां मिट्टी फैली तो कीचड़ हो गया। टूटी सर्विस रोड पर भी पानी भर रहा है।
सेतु निगम ने ओवरब्रिज बनाने के लिए चौपुला पर चौकी चौराहा, किला रोड और अयूब खां की ओर रोड को खोद दिया है। डीएम के निर्देश के बावजूद सर्विस रोड नहीं बनाई जा रही है। सोमवार की शाम चौराहे पर गड्ढा खोद दिया गया था। इसके बाद चौकी चौराहा की तरफ जाने वाला ट्रैफिक अयूब खां की ओर से जा रहा था। ट्रैफिक पुलिस की ओर से भी कोई खास इंतजाम नहीं किए गए हैं। मंगलवार को बारिश से यहां हालत और भी ज्यादा खराब हो गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उनका कारोबार तबाह हो गया है।