- आंवला सांसद नीरज मौर्य ने नियम 377 के तहत उठाई मांग
बरेली। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेली के पास मौजूद फरीदपुर टाेल प्लाजा को शिफ्ट करने की मांग लोकसभा में आंवला सांसद नीरज मौर्य ने उठाई है। जनहित को देखते हुए उन्होंने नियम 377 के तहत यह मांग की है।
नियम-377 के तहत उन्होंने संसद को बताया है कि फरीदपुर में मौजूद टोल प्लाजा एनएचएआई के 60 किमी की दूरी के नियम का उल्लंघन है। साथ ही, स्थानीय लोगों को रोजाना बरेली आवागमन के लिए इस टोल प्लाजा से गुजरना होता है। ऐसे में टोल टैक्स को लेकर विवाद भी बना रहता है। जनहित को देखते हुए इस टोल प्लाजा को शाहजहांपुर की तरफ शिफ्ट किए जाने की जरूरत है। सपा प्रवक्ता मयंक शुक्ला का कहना है कि फरीदपुर के लोग लंबे समय से इस टोल प्लाजा को शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर कई बार यहां प्रदर्शन भी हो चुका है। इसलिए सांसद लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। इसके लिए वह पिछले दिनों केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मिले थे। अमर उजाला ब्यूरो