मीरगंज। शेरगढ़ की ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में ग्राम प्रधान की ओर से कराए गए विकास कार्यों में अनियमितताओं की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।
बेचे सिंह, दुर्जन लाल, केदारनाथ, नेत्रपाल, मनोज कुमार आदि ने गत दिनों डीएम से शिकायत की थी। मामले में डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी बरेली को जांच कर शीघ्र आख्या देने का निर्देश दिया था। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं सहायक अभियंता निर्माण खंड प्रथम के नेतृत्व में टीम गठित कर स्थलीय जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। वहीं, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बीडीओ शेरगढ़, सचिव, ग्राम प्रधान एवं शिकायतकर्ताओं को 21 अप्रैल को ग्राम पंचायत में उपस्थित रहने के लिए पत्र जारी किया है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि गांव में कराए गए विकास कार्यों में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। बिना कार्य कराए धन का आहरण किया गया है। स्थलीय जांच में सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। संवाद