आरक्षित टिकट या ऑनलाइन पैकेज लेने वालों की मुसीबत बढ़ गई है। रेलवे ने त्योहारों के सीजन में भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई समेत छह बैंकों को अपने डायरेक्ट डेबिट कार्ड पेमेंट गेटवे से हटा दिया है। यानी यात्री अब अपना टिकट इन छह बैंकों के डेबिट कार्ड के जरिये बुक नहीं कर सकेंगे। रेलवे ने साफ किया है कि यह प्रतिबंध किसी भी बैंक के मास्टर कार्ड या वीसा कार्ड पर लागू नहीं होगा।
ऑनलाइन रेलवे टिकट बुकिंग सेवा आईआरसीटीसी ने छह बैंकों के डायरेक्ट डेबिट कार्ड (डीडीसी) पेमेंट गेटवे प्रतिबंधित करने का यह कदम सुविधा शुल्क विवाद के कारण उठाया है। रेलवे का कहना है कि ये बैंक यात्री की ओर से मिल रहा पूरा सुविधा शुल्क खुद रखना चाहते हैं। दूसरी ओर बैंक डीडीसी पर ही अड़े हुए थे। आईआरसीटीसी के ग्रुप जनरल मैनेजर (आईटी) सुनील कुमार ने बताया कि छह बैंकों को डीडीसी के तहत बैन किए जाने से पहले यात्रियों को 13 बैंकों से पेमेंट के ऑप्शन मिलते थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री अन्य किसी बैंक के डेबिट कार्ड (मास्टर/वीसी) से भी पेमेंट कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए आईआरसीटी के पेमेंट गेटवे को ही अपनाना होगा। बैन किए गए बैंक भी क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के लिए मान्य रहेंगे। यहां बता दें कि आईआरसीटीसी सात पेमेेंट गेटवे का प्रयोग करता है। इसमें एचडीएफी, सिटी बैंक, एसबीआई, एक्सिस, पेटीएम, पेयू, आईटीजैड कैश कार्ड आदि शामिल हैं।
इन बैंकों के कार्ड से कर सकते हैं बुकिंग
अब अगर आप आईआरसीटीसी पर डेबिट कार्ड से टिकट बुक करना चाहते हैं तो आपको एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, केनरा बैंक, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक के कार्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
आईआरसीटीसी ने दी राहत
तत्काल टिकट के पेमेंट पर
14 दिनों की मोहलत
बरेली। रेलवे ने आईआरसीटीसी से तत्काल टिकट बुक करने पर पेमेंट का एक नया विकल्प दिया है, जिसके तहत आप तत्काल का टिकट बुक कर उसका भुगतान 14 दिनों में कर सकते हैं। तुरंत टिकट की बुकिंग एसी क्लास के लिए सुबह 10 बजे और नॉन एसी के लिए दिन में 11 बजे शुरू होती है। यात्रा करने वालों के लिए तारीख से एक दिन पहले टिकट बुकिंग होती है और कोई डिस्काउंट भी नहीं मिलता है। अब रेलवे ने तुरंत टिकट के लिए पेमेंट की नई सुविधा ईपेलेटर शुरू की है, जिसमें आपको इसमें टिकट बुक करने के बाद पेमेंट करने की सुविधा मिलती है। इसके अलावा पे ऑन डिलीवरी की सुविधा भी है। ईपेलेटर से टिकट बुक करने के बाद पेमेंट करने के लिए 14 दिन का समय मिलेगा। इसका फायदा यह है कि पेमेंट करने में समय जाया नहीं जाता और टिकट मिलने के चांसेज बढ़ जाते हैं। एक आंकड़े के मुताबिक रेलवे में रोजाना तुरंत टिकट बुकिंग के लिए करीब 1,30,000 ट्रांजेक्शन होते हैं। तुरंत का कोटा खुलने के बाद यह ट्रांजेक्शन मुश्किल से एक मिनट में ही पूरी हो जाती है।