बरेली में 42 लाख रुपये गंवाने वाले निवेशकों ने कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों पर धोखाधड़ी की एक और रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ितों की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के आदेश पर इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि गुलाटी का खास गुर्गा उसके इशारे पर धमकी दे रहा है कि मुकदमा दर्ज कराया तो एक भी रुपया नहीं मिलेगा।
पीड़ितों ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि कन्हैया गुलाटी के खास गुर्गे देवेश ने कैनविज कंपनी में निवेश करने पर मोटा मुनाफा होने का झांसा दिया था। देवेश ने प्रमोद परिहार और कन्हैया गुलाटी से उनकी मुलाकात कराई थी। ठगों ने दिनेश कुमार से 9 लाख 25 हजार, धनशिखा से 10 लाख, कैलाश चंद्र से 9 लाख, सरिता सेजवाल से डेढ़ लाख, एंजिल सुनोठा मारिया से 7 लाख, रीना से 2 लाख रुपये निवेश करा लिए।
दो साल में रकम दोगुनी करने का दिया था झांसा
कुल 4225000 रुपये कैनविज कंपनी के गिरोह ने हड़प लिए। निवेश पर पांच प्रतिशत ब्याज बीस महीने तक देने का झांसा दिया था। रकम को दो साल के अंदर दोगुनी करने का भी सपना दिखाया था। निवेशकों ने यह रकम अपने रिश्तेदारों से लेकर व बचत कर जुटाई थी।
आरोप लगाया कि गुलाटी के गुर्गे लगातार निवेशकों को धमका रहे हैं कि वह मुकदमा कराएंगे तो उनकी रकम डूब जाएगी। इस वजह से कई निवेशक शिकायत करने से बच रहे हैं। थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि इन सभी की ओर से मामला दर्ज किया गया है। धमकी देने वाले गुर्गों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी है।