बरेली। रोडवेज बसों की मरम्मत में घपला करने वालों पर जल्द कार्रवाई होगी। मामले की जांच कर रहे जीएम (तकनीकी) सत्य नारायण मंगलवार को जांच रिपोर्ट एमडी को सौंपेंगे। इसके बाद कार्रवाई का चाबुक चलेगा। इस बीच विभागीय सूत्रों ने बताया कि अगले सप्ताह परिवहन निगम के एमडी मासूम अली सरवर भी बरेली का दौरा कर सकते हैं।
रोडवेज बसों की मरम्मत का काम आउटसोर्सिंग पर निजी फर्म को सौंपा गया है। जुलाई से अक्तूबर तक बसों की मरम्मत के नाम पर खेल किया गया। जो बसें रोडवेज के बेड़े में शामिल ही नहीं, उनकी भी मरम्मत दर्शाते हुए बिल बना दिए गए। हादसे के बाद थाने में खड़ी बस की भी मरम्मत दर्शाकर बिल बनाए और पास किए गए। घपला सामने आया तो फर्म के भुगतान से एक बार चार और एक बार तीन लाख रुपये की कटौती की गई, लेकिन इसके बाद भी गड़बड़ियां थमी नहीं। मुख्यालय तक शिकायतें पहुंचने के बाद जीएम तकनीकी सत्यनारायण को मामले की जांच सौंपी गई है।
पिछले सप्ताह उन्होंने तीन दिनों तक बरेली में रुककर पड़ताल की थी। कुछ रिकाॅर्ड भी साथ ले गए हैं। कार्रवाई से पहले संबंधितों का स्पष्टीकरण मांगा गया है। संबंधितों ने स्पष्टीकरण तो दिया गया है, लेकिन वह संतोषजनक नहीं है। जीएम तकनीकी ने बताया कि तीन-चार दिन में वह रिपोर्ट एमडी को सौंप देंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद