बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षा में आउट ऑफ सिलेबस आए बॉटनी के एक पेपर की जांच पूरी कर ली गई है। विवि ने गलती स्वीकारते हुए जल्द ही नई परीक्षा तिथि घोषित करने का विद्यार्थियों को आश्वासन दिया है।
विवि से संबद्ध कॉलेजों में मंगलवार को बीएससी पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों की वनस्पति विज्ञान-प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा कराई गई। प्रश्नपत्र देख विद्यार्थियों के होश उड़ गए। प्रश्नपत्र पर प्लांट फिजियोलॉजी, मेटाबॉलिज्म व बायोकेमिस्ट्री विषय लिखा हुआ था, जबकि अंदर पहले सेेमेस्टर के प्लांट माइक्रोबायोलॉजी विषय के प्रश्न थे।
इससे करीब आठ हजार विद्यार्थी प्रभावित हुए। विद्यार्थियों की शिकायत पर कमेटी गठित की गई। जांच में बड़े स्तर पर चूक की बात सामने आई है। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह के अनुसार जांच में गलती मिली है, जल्द नई परीक्षा तिथि जारी की जाएगी। संवाद
24 हजार विद्यार्थियों ने दी स्नातक की परीक्षा, पकड़े गए पांच नकलची
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से इन दिनों स्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई जा रही है। इसमें शुक्रवार को 24,041 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। वहीं, पांच नकलची पकड़े गए, जिन्हें बुक करते हुए विवि को सूचना भेजी गई।
विवि से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8,689 छात्र और 15,352 छात्राओं ने परीक्षा दी। वहीं, 330 छात्र और 388 छात्राएं गैरहाजिर रहे। बरेली कॉलेज में बीएससी रसायन विज्ञान पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में पांच नकलची पकड़े गए। इसमें तीन पर्चियां लेकर आए थे। एक छात्र और एक छात्रा मोबाइल फोन से नकल करते पकड़े गए। संवाद