दुबई में किया था निवेश
सद्दाम के जरिये अशरफ और अतीक ने दुबई में निवेश किया था। विदेश में स्थित संपत्तियों का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है। सद्दाम के खिलाफ प्रयागराज में भी जमीन कब्जाने के मुकदमे दर्ज हुए थे। बताया जा रहा है कि सद्दाम ने वहां भी वसूली कर कई लग्जरी कारें और प्रॉपर्टी खरीदी थी। पुलिस अब सद्दाम के नाम पर संपत्तियों का पता लगाकर उसे जब्त करेगी।
अशरफ और अतीक अहमद के बाद सद्दाम ने ही गिरोह की कमान संभाली हुई है। अब पुलिस ने सद्दाम के गिरोह पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सद्दाम व उसके गुर्गों की संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। संपत्तियां अवैध पाए जाने पर उनका जब्तीकरण किया जाएगा।
बरेली जेल में रची गई थी उमेश पाल हत्याकांड की साजिश
प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद और अशरफ का नाम मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आया था। साजिश में अशरफ का साला सद्दाम उर्फ अब्दुल समद भी शामिल रहा था। वह बारादरी क्षेत्र में रहकर अपने गुर्गे लल्ला गद्दी के जरिये बरेली जिला जेल में बंद अशरफ को सुविधाएं पहुंचाता था।
उमेश पाल हत्याकांड के बाद जेल स्टाफ भी सवालों में घिर गया था। जेल वार्डर मनोज गौड़ और शिवहरि अवस्थी को भी सद्दाम से दोस्ती निभाने के आरोप में जेल भेजा गया था। सद्दाम ने ही शूटरों की जेल में बंद अशरफ से अवैध मुलाकात कराकर उमेश पाल हत्याकांड की भूमिका तैयार कराई थी।