भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली इकाई की टीम ने सीओ यशपाल सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित हथकरघा एवं वस्त्र मंत्रालय के स्थानीय दफ्तर में वस्त्र निरीक्षक (टेक्सटाइल इंस्पेक्टर) आदित्य प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। टीम आदित्य को बारादरी थाने ले गई और वहां पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
भगवंतपुर गांव के निवासी बुनकरों से टेक्सटाइल कलस्टर सर्वे के नाम पर आदित्य ने 20 हजार रूपये मांगे थे। इनमें से एक मुख्तार अहमद अंसारी ने एंटी करप्शन से शिकायत की थी। उसके बाद डीएम से दो स्वतंत्र गवाह लेकर यह कार्रवाई की गई। आरोपी आदित्य प्रकाश लखनऊ में गोमती नगर बड़ी जुगौली का निवासी है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: पुलिस ने होटल में मारा छापा, कमरों में मिले प्रेमी युगल... शर्म से झुक गईं नजरें
शिकायतकर्ता मुख्तार ने बताया कि एक ओर जहां प्रदेश सरकार बुनकरों और कारीगरों को सहूलियत दे रही है वहीं दूसरी ओर आदित्य जैसे लोग रिश्वतखोरी करके सरकार की मंशा पर पानी फेर रहे हैं। सीओ ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस लाइन गेट के पास स्थित एंटी करप्शन कार्यालय में रिश्वतखोरी की शिकायत की जा सकती है। आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में शून्य क्राइम नंबर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।