सिविल लाइंस चौकी प्रभारी के साथ विवेचना को जाते वक्त हुआ हादसा
पहले भी हो चुकी कई घटनाएं, चाइनीज मांझे की बिक्री पर नहीं लगी रोक
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। कोतवाली में तैनात दरोगा महादेव पुल पर मांझे की चपेट में आ गए। दरोगा बाइक लेकर विभागीय काम से निकले थे। जिला अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया है।
कोतवाली में तैनात दरोगा महेश चौधरी बृहस्पतिवार को दोपहर बाद सिविल लाइंस चौकी प्रभारी नेपाल सिंह को लेकर एक मामले की विवेचना में जा रहे थे। नेपाल सिंह पीछे बैठे थे जबकि वह बाइक चला रहे थे। महादेव पुल पर गुजरते हुए जब इनकी बाइक मस्जिद से आगे बढ़ी तो चाइनीज मांझे ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। उनकी गर्दन पर काफी घाव आए हैं।
इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उन्हें भर्ती करा दिया गया। बता दें कि पहले भी चाइनीज मांझे से कई लोग लहूलुहान हो चुके हैं। इनमें महिला पुलिसकर्मी से लेकर नर्स और प्रवक्ता तक शामिल हैं। इसके बावजूद चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है।