हाफिजगंज। थाना क्षेत्र के दो गांवों के विद्यालयों के ताले तोड़कर चोर हजारों का सामान उठा ले गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने चोरों की तलाश में जुट गई है।
थाना हाफिजगंज के गांव धरमपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक आबिद हुसैन ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बुधवार रात चोर विद्यालय के कार्यालय का विंडो तोड़ अंदर घुस आए। कार्यालय में रखा इंवर्टर-बैट्री को चुरा ले गए। यही नहीं मेज पर पड़े कपड़े को भी नहीं छोड़ा। वहीं, पड़ोस के ही गांव परेवा-कुरमियान के जूनियर हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका गायत्री देवी ने भी प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बुधवार रात विद्यालय के 10 ताले तोड़े गए। कार्यालय में रखे लॉकर का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया। रसोई से खाद्य सामग्री, सामग्री रखने वाले कंटेनर, भट्ठी समेत अन्य सामान चोर चुरा ले गए। संवाद
गांव मगरासा में एक ही रात में चोर ने दो घरों को बनाया निशाना, नकदी व सामान की चोरी
भुता। थाना क्षेत्र के ग्राम मगरासा में बुधवार रात चोर ने दो घरों में नकब लगाकर 60 हजार नकद व सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। दोनों पीड़ित गृह स्वामियों की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल व चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मगरासा में बुधवार रात चोर गांव के किनारे बने प्रेमपाल के घर में पीछे से कमरे की दीवार में नकब लगाकर 50 हजार नकद, जेवर आदि चुरा ले गए। इसके बाद गांव निवासी रामकृष्ण के घर में भी रात में पीछे से कमरे की दीवार में नकब लगाकर बक्से में रखें 10 हजार नकद व एक सोने की चेन, घरेलू सामान चोर ले जाने में सफल रहे।
गृह स्वामियों ने बताया कि रोज की तरह जब सुबह उठकर देखा तो चोरी की जानकारी हुई। तभी छत पर चढ़कर देखा तो पीछे से दीवार कटी हुई थी। यह देखकर हतप्रभ रह गए। बाद में आसपास के ग्रामीण भी आ गए। ग्रामीणों व परिजनों ने इधर-उधर तलाश किया तो पास के खेत में खाली बक्सा पड़ा मिला। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी तलाश में कांबिंग की, लेकिन कोई चोर हाथ नहीं आया। थाना अध्यक्ष सतीश कुमार का कहना है कि मामले की तहरीर मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है। संवाद