बरेली जिले में डुप्लीकेट बिजली कनेक्शन जारी किए जाने का मामला सामने आया है। इस पर मुख्य अभियंता ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बकायेदारों से भी वसूली की जाएगी।
बरेली में पिछले दिनों बिजली बिलों में संशोधन और समायोजन के नाम पर 67 लाख रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया था। अब जिले में डुप्लीकेट बिजली कनेक्शन जारी किए जाने का प्रकरण सामने आया है। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने जांच कर कार्रवाई और डुप्लीकेट कनेक्शन काटने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
रविवार को मुख्य अभियंता ने आंवला खंड की टेक्निकल स्तर पर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बीबीआरवाई की फीडर वार समीक्षा के दौरान पाया कि खंड में डुप्लीकेट कनेक्शन जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने ऐसे कनेक्शन का स्थायी विच्छेदन करने व बकायेदारों की लाइन काटने के निर्देश दिए।
बिजली चोरी के प्रकरणों में तीन दिन के अंदर संपूर्ण कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। टेक्निकल कर्मचारियों को ट्रांसफार्मरों का भौतिक सत्यापन करने और बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओटीएस योजना की भी समीक्षा की।