अवैध रूप से नाला बनवाने का आरोप, प्रधान के पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
भोजीपुरा। घर के सामने बने नाले के पास खेलते समय डेढ़ वर्ष का मासूम प्रयाग नाले में गिर गया। बच्चे को परिजन मेडिकल कॉलेज में ले गए, जहां डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक मासूम की मां ने प्रधान शशि गंगवार के पति व रोजगार सेवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्रामीणों के अनुसार, भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर ठाकुरान निवासी जितेंद्र के घर सामने जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कराया गया। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे बच्चों के साथ मासूम प्रयाग खेल रहा था। तभी खेलते समय वह नाले में गिर गया। बच्चों की चीख-पुकार पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को नाले से निकाला। परिजन आनन फानन में समीपस्थ मेडिकल कॉलेज में ले गए। वहां डाक्टरों ने देखते ही बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों के साथ बच्चे की मां कलावती बच्चे के शव को लेकर भोजीपुरा थाने आ गई।
कलावती ने तहरीर देकर प्रधान के पति राम किशोर गंगवार व रोजगार सेवक जसवंत के खिलाफ अवैध तरीके से नाले का निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि प्रधान के पति रामकिशोर गंगवार ने कहा कि उन लोगो ने वोट नहीं दिए तो वह घर के सामने नाला बनाया जाएगा।
जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी। इधर, प्रधान के पति रामकिशोर गंगवार ने बताया कि सरकार की नीति के अनुसार जल निकासी के लिए नाले का निर्माण दो वर्ष पूर्व कराया था। उन्हें राजनीति से प्रेरित होकर फंसाया जा रहा है।