बरेली। सहालग के सीजन में मेवे की कीमतों में उछाल आया है। बाजार में पिस्ता, काजू, मखाना, खजूर के भाव 50 से सौ रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। कुतुबखाना के मेवा कारोबारी शिवम आनंद के मुताबिक, ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव से पिस्ता की आपूर्ति प्रभावित है। सीमित आपूर्ति और मांग अधिक होने से कीमतों में उछाल आया है। काजू की मांग बढ़ने से कीमत बढ़ी है।
शिवम के मुताबिक, पूर्व में जारी हुए बजट के असर से मखाने के भाव में तेजी आई है। बिहार मखाना उत्पादक राज्य है। पिछले वर्ष बजट में मखाना उत्पादन और बिक्री बढ़ाने के लिए मखाना बोर्ड बनाए जाने की घोषणा हुई थी। लिहाजा, देश और विदेश में मांग बढ़ी। निर्यात की अधिकता से कीमत भी बढ़ी।
इधर, रमजान के चलते खजूर की मांग बढ़ने लगी है। थोक भाव में ही 20 से 25 रुपये बढ़त है। फुटकर भाव गुणवत्ता के आधार पर 50 से सौ रुपये तक बढ़ गए हैं। आने वाले दिनों में भी तेजी बने रहने की संभावना जताई है। नारियल के भाव में भी 50 रुपये की तेजी आई है।
सूखे मेवे के साथ तेल, बेसन, चना की कीमत बढ़ी
श्यामगंज के किराना कारोबारी हार्दिक अरोड़ा के मुताबिक, सूखे मेवे के साथ कई खाद्यान्न के भी भाव बढ़े हैं। रिफाइंड तेल में पांच रुपये, तेल, बेसन में दस-दस रुपये, अरहर दाल की कीमत 15-20 रुपये बढ़ी है। फलों के भाव में भी त्योहार के चलते दस से 20 रुपये तक की तेजी आई है। आढ़ती शुजाउर रहमान के मुताबिक, थोक कीमतें कम हैं, फुटकर में कीमत अधिक है। ब्यूरो
मेवे, किराना के प्रतिकिलो भाव
सामग्री पिछले माह अब
काजू 850-900 900-1000
पिस्ता 1200-1400 1450-1600
खजूर 300-500 350-600
मखाना 800-850 900-1200
रिफाइंड तेल 120-130 125-135
तेल 170 180
बेसन 80 90
नोट : कारोबारियों के अनुसार कीमत रुपये प्रति किलो में।