सीआईएससीई के रिजल्ट में इस बार फिर बेटियों का जलवा रहा। टॉपर्स में बेटियों की संख्या चौंकाने वाली है। दसवीं और 12वीं दोनों के रिजल्ट में बेटियों ने बेटों को पीछे छोड़ दिया है।
दसवीं में टॉप टेन में 16 विद्यार्थी हैं। इसमें 12 बेटियां शामिल हैं। वहीं, 12वीं में टॉप टेन में 13 विद्यार्थी हैं। इसमें सात बेटियां हैं। बेटियों ने अपने अभिभावकों को उनकी उम्मीद से भी ज्यादा दिया। ये बेटियां अब अपने घर के शान ही शहर और जिले की भी शान हैं। इसमें से तमाम लड़कियां ऐसी हैं, जो काफी संघर्षों के बाद आगे बढ़ पाई हैं। दसवीं के टॉप टेन में शामिल आयुषी बंसल, वर्निका, सुमेधा गुप्ता, नवतिका कुमार, शताक्षी जायसवाल, देव स्मिता मंडल, अपूर्वा माहेश्वरी, नंदिनी गुप्ता, पूर्णिमा दुबे, महिमा भदौरिया, फागुनी सक्सेना, मानसी अरोरा अपने परिवार की शान हैं। उन्होंने बताया कि आज बेटियां परिवार का अभिमान हैं। बोलीं, हमने बहुत मेहनत की, तब यहां तक पहुंचे हैं। बोली, हम समाज को भी साबित करना चाहते हैं कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं।
12वीं के टॉप टेन में ज़ेहरा अली, अंशिका अग्रवाल, फिजा रसूल, शिक्षा कपूर, अनुष्का, राधिका टंडन, अंशिका अग्रवाल ने बताया कि वह हमेशा अव्वल रही हैं। उनके परिवार को उनके ऊपर भरोसा हैं। उन्होंने उस भरोसे को कायम रखा है।
हार्टमैन कॉलेज की ऋषिता त्रिवेदी ने बताया कि उनके पापा को यह भी यकीन नहीं था कि वह 80 फीसदी से ऊपर नंबर लाएंगे, लेकिन जब घर वालों ने नंबर देखें तो चौंक गए। वहीं, आयुषी अग्रवाल के पापा की मौत होने के बाद उन्होंने अपनी मां सहारा देते हुए उनमें विश्वास भरा और आज साबित कर दिया कि वह किसी से कम नहीं है। वह भी बेटों की तरह अपने परिवार को संभालेंगी। राधिका टंडन ने बताया कि उनके परिवार को यह तो पता था कि वह अच्छे नंबर लाएंगी, लेकिन इतने अच्छे नंबर आएंगे, यह किसी को भी नहीं यकीन था।