नवाबगंज (बरेली)। बड़ागांव के मजरा गंगापुर में सरकारी भूमि पर प्रशासन की अनुमति के बिना लगाई गई डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा बुधवार रात खुराफातियों ने तोड़ दी। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
सूचना पर अफसर भी गांव पहुंचे। मामले में शिक्षक समेत 19 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वायरल सीसीटीवी फुटेज से पहचान के बाद पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शाम को एसएसपी ने इंस्पेक्टर राहुल सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। सुभाषनगर थाना प्रभारी अरुण श्रीवास्तव को नवाबगंज का प्रभार दिया गया है। मजरा गंगापुर में सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने प्रशासन की अनुमति के बिना रातोंरात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगा दी थी। उन्हीं लोगों ने प्रतिमा के पास लकड़ी के खंभे पर सीसीटीवी कैमरा भी लगवाया था।
गांव निवासी दूसरे पक्ष के लोग इसका विरोध करते हुए प्रशासन से शिकायतें कर रहे थे। धीरे-धीरे मामला शांत होने लगा। इस बीच बृहस्पतिवार को तड़के तीन नकाबपोश खुराफातियों ने प्रतिमा खंडित कर दी।
घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। पड़ोसियों के जागने पर खुराफाती भाग निकले। सूचना पर इंस्पेक्टर राहुल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
बाद में एसडीएम उदित पवार, तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह, सीओ गौरव सिंह, थानाध्यक्ष क्योलड़िया जितेंद्र सिंह भी आ गए। दोपहर के बाद एडीएम प्रशासन पूर्णिमा, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने भी गांव पहुंचकर निरीक्षण किया। महिला नेता नीरू सागर, बसपा नेता सुम्मेर सिंह गौतम, हरीश सागर, नन्हे लाल ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। संवाद