नग्न हालत में मिला शव, बच्चे की बनियान से ही कसा था उसका गला
अलीगंज (बरेली)। ढकिया गांव में चार साल के मासूम के साथ दूर के रिश्तेदार ने कुकर्म के बाद उसी की बनियान से गला कसकर बच्चे की हत्या कर दी। वह बच्चे को चीज दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। झाड़ियों में बनी सुरंगमनुमा जगह पर दुष्कर्म के बाद बच्चे की हत्या करके वह फरार हो गया। जघन्य हत्या की सूचना मिलने के बाद एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पहले भी आंवला सर्किल के तीन थानों में मासूमों की इसी तरह निर्ममता से हत्या हो चुकी है। सिरौली की घटना अभी खुली भी नहीं है।
मासूम के पिता ने पुलिस को बताया है कि रविवार दोपहर बाद उनके घर बिशारतगंज के गांव महादिया निवासी प्रेमपाल आकर रुका था। प्रेमपाल उनके बहनोई का पड़ोसी है। इस नाते उससे अच्छा परिचय है। सोमवार की सुबह वह अपने घर पर मिर्च बीन रहे थे। प्रेमपाल उनके भाई के पास बैठा था। उनका चार साल का बेटा वहां खेल रहा था। सुबह साढे आठ बजे प्रेमपाल उनके बेटे को अपने साथ ले गया। देर तक बेटे के वापस न लौटने पर जब तलाश किया तो गांव में बेटे या प्रेमपाल का सुराग न लगा। बच्चे के गायब होने घबराए परिजनों ने उसे जंगल में खोजना शुरू किया। काफी देर बाद पड़ोसी गांव शिवनगर के जंगल में एक खेत के बराबर झाड़ियों में बच्चे का शव नग्न अवस्था में मिला। शव एक टीले में बनी सुरंगनुमा जगह में पड़ा था। बच्चे का नेकर दूर पड़ा था और उसी की बनियान से उसका गला कसा हुआ था।
मासूम बच्चे की दुष्कर्म के बाद हत्या की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना पुलिस के बाद एसएसपी शैलेश पांडेय और एसपी देहात संसार सिंह भी फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। आरोपी को तलाश करने के लिए पुलिस की एक टीम ने बिशारतगंज में आरोपी के घर भी दबिश दी, लेकिन वह फरार था।
- करीबी शख्स ने ही बच्चे की हत्या की है। परिवार की तहरीर के मुताबिक उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उसे जल्दी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। - शैलेश पांडेय, एसएसपी।