बदायूं में छाया घना कोहरा, हाईवे पर थमी रफ्तार
बदायूं जिले में शुक्रवार देर रात से ही मौसम ने करवट ले ली। शनिवार सुबह तक जिले भर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसका सीधा असर सड़क यातायात पर पड़ा। प्रमुख हाईवे और संपर्क मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर सफर करने को मजबूर होना पड़ा।
सुबह के समय वातावरण में नमी अधिक रही। आसमान से कोहरे की बूंदें टपकती रहीं, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई। सर्द हवा के साथ नमी के चलते लोगों को तीखी ठिठुरन का सामना करना पड़ा। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अधिक परेशानी हुई। आवश्यक कार्यों से घरों से निकलने वाले लोग पूरी तरह ऊनी कपड़ों, शॉल और जैकेट में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पीलीभीत: कंपकंपा रही सर्दी, घरों में दुबके लोग
पीलीभीत जिले में कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शनिवार तड़के से जिले में कोहरे की चादर छा गई। दृश्यता पांच मीटर के करीब होने की वजह से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। सुबह 11 बजे तक आवाजाही भी कम दिखी। शीतलहर के चलते लोग घरों में ही दुबके रहे। जरूरी काम के चलते ही लोग बाहर निकले। कोहरे की वजह से शुक्रवार की रात शारदा नदी में जा घुसी। कार सवार चार युवकों को बमुश्किल बचाया जा सका।
कोहरे में तीन वाहन भिड़े, पांच घायल
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार को शंखा पुल के पास गलत साइड से आ रहा सब्जी लदा वाहन और रामपुर से बरेली की ओर जा रही रोडवेज बस की टक्कर हो गई। पीछे आ रही कार भी बस में घुस गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह 7:30 बजे गांव अगरास निवासी राकेश, महेश पाल छोटे लोडर वाहन में सब्जी भरकर बरेली की डेलापीर मंडी से घर लौट रहे थे। शंखा पुल कट बंद होने के कारण एएनए रोड पर जाने के लिए झुमका चौराहे से ही विपरीत साइड से आ रहे थे। बंद कट के पास पहुंचने पर कोहरे के कारण रामपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस में सामने से लोडर वाहन की टक्कर हो गई।
अचानक ब्रेक लेने से बस के पीछे चल रही कार भी उससे टकरा गई। कार सवार अजमेर से शाहजहांपुर जा रहे थे। हादसे में अगरास निवासी महेश पाल, अजमेर निवासी राजकुमार रावत, महेंद्र सिंह रावत, अमर सिंह, रंजीत चोटिल हो गए। पुलिस ने वाहनों को रोड से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।