बरेली। चार दिन पहले लापता हुआ इमाम का भाई रविवार शाम को जंक्शन के पास एक होटल में बर्तन साफ करते मिला।
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिला निवासी मुजाहिद हुसैन मलूकपुर स्थित पूर्वियान मस्जिद के इमाम हैं। मुजाहिद हुसैन ने किला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी कि उनके पड़ोस के गांव का रहने वाला रिश्ते का भाई 14 वर्षीय दिलशान रजा तीन मई को उनके पास आया था। यहां वह उनके साथ रहकर दीनी तालीम ले रहा था। नौ मई की सुबह जब मुजाहिद हुसैन नमाज के लिए उठे तो दिलशान घर पर नहीं था। दिलशान को कई जगह खोजा लेकिन नहीं मिला। गुमशुदगी दर्ज कर किला पुलिस दिलशान की तलाश कर रही थी।
रविवार शाम इमाम ने दिलशान को जंक्शन के एक होटल से तलाश कर लिया। इमाम के मुताबिक, दिलशान वहां बर्तन धो रहा था। उसने होटल वालों को बताया था कि जंक्शन पर वह परिवार के लोगों से बिछड़ गया है। यहां कुछ दिन कमाई करके किराये के रुपये जुटाएगा और पश्चिम बंगाल चला जाएगा। होटल वालों को उस पर तरस आ गया और काम दे दिया। वहीं, दिलशान ने किला पुलिस को बयान दिया कि उसका मन पढ़ाई में नहीं लगता है, जबकि घरवाले उसे पढ़ाना चाहते हैं। इसीलिए वह चुपचाप निकल आया था। ब्यूरो