मंगलवार को साफ हो जाएगी प्रत्याशियों की स्थिति
बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की चुनाव प्रक्रिया में मंगलवार यानी 14 सितंबर को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन है। अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी दो दिन पहले ही नाम वापस लेने की सार्वजनिक घोषणा कर चुके हैं। मंगलवार को प्रत्याशियों का रुख साफ हो जाएगा।
आईएमए चुनाव में कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. आदित्य माहेश्वरी और सचिव पद पर डॉ. मुरलीधर छाबड़िया अकेले दावेदार हैं। लिहाजा, दोनों का निर्विरोध चुनाव जीतना तय माना जा रहा है। उपाध्यक्ष के लिए छह और अध्यक्ष पद के लिए फिलहाल चार प्रत्याशी मुकाबले में हैं। अध्यक्ष पद के एक और प्रत्याशी के नाम वापस लेने की बात कही है। हालांकि इसकी पुष्टि नामांकन पत्र वापस लेने के लिए आवेदन करने के बाद ही हो सकेगी। चुनाव कमेटी के अनुसार जिन पदों पर एक ही प्रत्याशी मैदान में होंगे, उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। एक से अधिक प्रत्याशी होने पर 19 सितंबर को आईएमए हॉल में मतदान होगा।
मतदान के बाद मतों की गिनती करके उसी दिन देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। बताते हैं कि अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी अपने निर्विरोध निर्वाचन के लिए दूसरे प्रत्याशियों को नाम वापस लेने के लिए मनाने में जुटे हैं। इसके लिए उन पर कुछ दिग्गजों के सहारे भी दबाव बनाया जा रहा है। आचार संहिता को देखते हुए चुनाव कमेटी की नजर में आए बिना गुपचुप मुलाकातों और पार्टियों का दौर भी चल रहा है।