बरेली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रदेश स्तरीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता को लेकर सोमवार को आरएसओ व हैंडबॉल संघ के बीच बैठक हुई। 28 लीग मैच बिना किसी परेशानी के कराए जा सकें इसके लिए एक कोर्ट को रोशन करने पर चर्चा हुई। ऐसा होने पर मुकाबले रात में भी हो सकेंगे।
28 से 31 दिसंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में 18 मंडलों की टीम भाग ले रही हैं। आयोजन की जिम्मेदारी बरेली को मिली है। इसमें 28 लीग मैच होने हैं। मौसम काे देखते हुए यह लीग मैच तय समय से पूरे नहीं कराए जा सकते हैं। ऐसे में प्रतियोगिता के लिए तैयार होने वाले दो कोर्ट में से एक में लाइट लगाने का प्रस्ताव हैंडबॉल संघ के सचिव फसील बेग और कोच हेमंत कुमार ने क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी जितेंद्र यादव के सामने रखा।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों से सुझावों को लेकर एक सूची बनाकर देने के लिए कहा। बैठक में तय हुआ कि खिलाड़ियों को गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज में ठहराया जाएगा। वहीं ऑफिशियल के लिए होटल में कमरे बुक कराए गए हैं।
रोलर चलाकर सख्त मिट्टी पर बनेगा कोर्ट
स्टेडियम में फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है, ऐसे में स्टेडियम के बीचो-बीच खुदी हुई मिट्टी पर रोलर चलाकर कोर्ट बनाया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा है कि अगर मिट्टी सख्त हो जाती है तो कोर्ट अच्छा बनेगा और आयोजन में कोई परेशानी नहीं आएगी। संवाद