बरेली। अलीगढ़ में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत होने के बाद नींद से जागे आबकारी विभाग ने जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस टीम के साथ कांकरटोला में छापा मारकर कबाड़ गोदाम में चल रही अवैध शराब की फैक्टरी पकड़ ली। कबाड़ी को गिरफ्तार कर मौके से खाली बोतलें, अल्होकल, रैपर, क्यूआर कोड आदि बरामद किए हैं।
शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आबकारी टीम और बारादरी पुलिस ने कांकरटोला में इनाम अली के कबाड़ गोदाम पर छापा मारा। वहां से दो केन में आठ लीटर अल्कोहल, दो हजार क्यूआर कोड, 10 लीटर यूरिया मिश्रित पानी, यूपी के ब्रांड आरएस और हरियाणा के ब्रांड इंपेक्ट का लेवल लगीं 32 खाली बोतलें, एक स्टांप-मुहर और आरएस ब्रांड की बोतल के सात ढक्कन बरामद किए।
कबाड़ की आड़ में अवैध शराब का धंधा
जांच में सामने आया कि कबाड़ी इनाम मियां मुख्य रूप से शराब की खाली बोतलें खरीदने का काम करता है। इसकी आड़ में यूपी और हरियाणा ब्रांड की नकली शराब बनाकर लोगों को बेचता है। यह शराब वह कहां और किसको सप्लाई कर रहा था, इसकी जांच चल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्यूआर कोड उसे कहां से मिले।
शराब की दुकानों पर जांचा स्टॉक
शनिवार को जिले भर में एडीएम, एसपी सिटी, सभी सीओ और आबकारी टीमों ने अभियान चलाकर देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर चेकिंग की। इस दौरान स्टॉक और मिलावट आदि की जांच की गई। मगर कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
बदनाम गांवों में नहीं हुई कोई कार्रवाई
शनिवार को कबाड़ी के साथ ही कई थानों में कई-कई लीटर शराब के साथ दर्जनों लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, लेकिन कच्ची शराब के लिए बदनाम इलाके बारादरी के गंगापुर, कैंट के बभिया, अंगूरी, सुभाषनगर के मिलक रौंधी, करेली आदि में कोई कार्रवाई नहीं की गई।