भुता। थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन का कार्य चल रहा है। सांठगांठ के चलते रात के अंधेरे में समतल जमीन को बड़े-बड़े गढ़ों में तब्दील किया जा रहा है, लेकिन इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सोमवार रात थाना क्षेत्र के ग्राम भिटौरा में भी अवैध खनन का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डीएम से की है।
ग्रामीणों ने बताया कि थाना क्षेत्र में रात के अंधेरे में लाड़पुर मुड़िया, नगीरामपुर, बरुआ हुसैनपुर, नवादा, फैजनगर, केसरपुर, कुआंडंडा, चौकी क्षेत्र बेवल ग्राम के भिटौरा, बरकतपुर, सिमरा बहोर नगला, ग्राम शेखापुर, अमृता, बरखेड़ा आदि ग्रामों में खनन माफिया जेसीबी से खनन कर रहे हैं, लेकिन खनन विभाग तमाशा देख रहा है। अब समतल जमीन में बड़े-बड़े गड्ढे होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने वीडियो वायरल कर डीएम से शिकायत की है। इधर, थाना प्रभारी निरीक्षक भारत सिंह का कहना है कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जांच कर जानकारी की जाएगी। संवाद