बरेली। डेलापीर, स्टेडियम रोड और डीडीपुरम में सीएम ग्रिड योजना के तहत फुटपाथ निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को नगर निगम ने बृहस्पतिवार को जमींदोज कर दिया। इस दौरान व्यापारियों और दुकानदारों ने विरोध भी जताया, लेकिन निगम की टीम ने अपना अभियान जारी रखा।
तीन दिन पहले लखनऊ में प्रमुख सचिव की समीक्षा बैठक हुई थी। इसके बाद नगर निगम ने सीएम ग्रिड योजना के कार्यों में तेजी लाने के लिए यह अभियान शुरू किया है। निगम के सहायक अभियंता की निगरानी में मानचित्रकार रविंद्र कुमार, जेई विकास साहू और प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सड़क किनारे फुटपाथ निर्माण में बाधक बन रहे पक्के निर्माणों को चिह्नित किया। टीम ने ऐसे निर्माण को हटाने के लिए बृहस्पतिवार को कार्रवाई शुरू की।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि विकास कार्यों में रुकावट बने अतिक्रमण को चिह्नित कर उसे हटवाया जा रहा है। वहीं, दुकानदारों और व्यापारियों का कहना था कि कार्रवाई से पहले जानकारी दी जानी चाहिए थी। हालांकि, टीम ने अभियान जारी रखा। सहायक अभियंता मुकेश शाक्य ने बताया कि अतिक्रमण हटाकर फुटपाथ निर्माण का रास्ता साफ किया जा रहा है। सीएम ग्रिड योजना के तहत जहां भी अतिक्रमण बाधक बनेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।