गल्ला मंडी में बिकते हर्बल उत्पाद।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
हर माह के पहले और तीसरे बृहस्पतिवार को लगेंगे काउंटर
बरेली। अगर जैविक पद्धति से उगाए गए फल, सब्जियां, दालें आदि चाहिए तो आपको मंडी समिति में लगने वाली हाट में आना होगा। मंडी प्रबंधन ने हर माह के पहले और तीसरे बृहस्पतिवार को जैविक उत्पादों का काउंटर लगवाने शुरू दिए हैं। गुरुवार को पहले दिन लगे काउंटरों पर अच्छी बिक्री हुई।
रासायनिक के बजाय अब लोग जैविक कृषि उत्पादों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, लेकिन उन्हें आसानी से यह उत्पाद नहीं मिल पाते हैं। इन उत्पादों को सही बाजार भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, इसलिए लोगों तक जैविक उत्पादों की पहुंच कमजोर है, लेकिन अब मंडी परिषद ने बरेली समेत सभी प्रमुख मंडियों में जैविक कृषि उत्पादकों को बाजार उपलब्ध करा दिया है। गल्ला मंडी डेलापीर में हर माह के पहले और तीसरे बृहस्पतिवार को सुबह दस से दोपहर दो बजे तक जैविक कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए काउंटर लगेंगे। मंडी सचिव अनिल कुमार ने बताया कि आज गुरुवार को बिक्री काउंटर लगवाए गए थे। लोगों ने इन्हें काफी पसंद किया और जैविक उत्पाद खरीदे। पहले दिन लगे काउंटरों की व्यवस्था में निरीक्षक जगदीश कनौजिया और कुलदीप शर्मा का सहयोग रहा।