त्योहारों के सीजन में लोगों का खर्च वैसे ही बढ़ा हुआ है, ऊपर से सब्जियों के भाव आसमान पर चढ़ते जा रहे हैं। लोग कभी महंगाई को कोस रहे हैं तो कभी सरकार को लेकिन असलियत यह है कि सब्जियों पर सबसे ज्यादा मुनाफाखोरी हो रही है। डेलापीर मंडी में जिस आलू का थोक रेट 6 से 10 रुपये प्रति किलो के बीच है, वह ठेलों और फड़ों पर 25 से 30 रुपये प्रति किलो तक बेचा जा रहा है। दो से तीन गुनी तक की ऐसी ही मुनाफाखोरी दूसरी सब्जियों पर भी हो रही है।
ठेलों और फड़ों पर पुराने आलू का रेट 14 रुपये और नए का 24 रुपये प्रति किलो है। शहामतगंज और नगर निगम की सब्जी मंडी में यही रेट 10 और 20 रुपये किलो हैं। डेलापीर की थोक मंडी में सब्जियों का रेट और भी कम है। फड़ और ठेलों के मुकाबले यहां 30 से 40 फीसदी कम रेट में सब्जियां मिल जाती हैं। दिक्कत बस इतनी सी है कि डेलापीर मंडी सुबह छह से नौ बजे के बीच ही लगती है। जाहिर है कि घर बैठे सब्जी खरीदने की सुविधा छोड़कर पैसे बचाने के लिए आपको सुबह जल्दी थैला उठाकर डेलापीर मंडी निकलना पड़ेगा। कई सब्जियां तो यहां आपको आधी या तिहाई कीमत में ही मिल जाएंगी, वह भी बिल्कुल ताजी। बता दें कि डेलापीर मंडी से ही आलू और प्याज समेत सभी हरी सब्जियां शहर की फुटकर मंडियों में सप्लाई होती हैं तो उनके रेट 15 से 20 फीसदी और ठेलों से होकर पाश कालोनियों और गली में पहुंचती हैं तो इनके रेट 50 से 70 फीसदी या दो गुने तक पहुंच जाते हैं।
पहाड़ की मटर, सहारनपुर की अरबी
मंडी में दिवाली पर खासतौर से हल्द्वानी का आलू आया है। यहां यह आलू 17 से 18 रुपये प्रति किलो रेट पर बिक रहा है। यही आलू फुटकर मार्केट में 22 रुपये और ठेलों पर 25 से 28 रुपये प्रति किलो है। डायबिटीज रोगियों के लिए चिपसोना आलू छह से सात रुपये प्रति किलो है जबकि फुटकर बाजार में इसका रेट 10 से 12 रुपये है। पहाड़ की मटर और सहारनपुर का बैंगन 12 से 18 रुपये प्रति किलो रेट पर हैं जबकि फुटकर बाजार में इनके रेट 25 से 30 रुपये और ठेलों पर 40 रुपये प्रति किलो हैं। सहारनपुर की अरबी भी 35 रुपये प्रति किलो है।
आपको चकित कर देंगे डेलापीर मंडी के रेट
सब्जी का नाम थोक रेट फुटकर रेट ठेले पर रेट अंतर
आलू पूना 10-12 16-18 20-25 10 रुपये
आलू पुराना 7-9 10-00 10-12 5 रुपये
आलू पहाड़ी 16-18 20-25 25-30 12
आलू लोकल 6-7 18-20 25-30 20
प्याज नासिक 12-15 20-25 25-30 15
प्याज पूना 23-27 28-30 28-30 04
टमाटर 22-24 35-40 35-40 18
पत्ता गोभी 15-20 35-40 35-40 20
शिमला मिर्च 35-40 55- 60 55-60 20
अरवी लोकल 20- 25 35-40 35-40 20
अरवी सहारनपुर 35-38 --- --- --
लहसुन 40-50 60-80 60-80 30
अदरक 25-28 50-60 50-60 32
भिंडी 18-20 28-30 30-40 20
तोरई 18-22 22-25 25-30 12
लौकी 8-14 18-20 25-30 16
धनिया 100-120 130 130 10
कद्दू 8 -10 14-16 18-20 10
करेला 18- 24 38-40 40-50 25
मटर 90-100 120 120 30
खीरा 12-14 16-20 16-20 6
आंकड़े रुपये प्रति किलो में
फोटो-
फड़ और ठेलों पर सब्जी का कोई तय रेट है ही नहीं। ये लोग चेहरा देखकर सब्जी का रेट बताते हैं। मोलभाव करने वालों को एक-दो रुपये कम कर देते हैं। जो मोलभाव नहीं करते, उन्हें दो से तीन गुने रेट बताते हैं। हमेशा ठेले पर सब्जी खरीदने वालों को कभी असली रेट पता नहीं चल पाते। - शुजाउर्रहमान अध्यक्ष डेलापीर सब्जी मंडी एसोसिएशन