साइबर ठगों ने सोशल साइट्स पर विदेशी महिलाओं के नाम से प्रोफाइल बनाकर बिछा रखा है जाल
विज्ञापन
पहले महिला बनकर करते हैं दोस्ती फिर तोहफे भेजने और कस्टम ड्यूटी चुकाने के नाम पर करते हैं ठगी
बरेली। अपने फेसबुक अकाउंट की फ्रेंड लिस्ट में खूबसूरत विदेशी महिलाओं के नाम जोड़ने की हसरत आपके बैंक खाते की सेहत बिगाड़ सकती है। जी हां, सोशल साइट्स खासकर फेसबुक पर साइबर ठगों ने विदेशी महिलाओं के फोटो और नाम का इस्तेमाल करके बड़े पैमाने पर फर्जी अकाउंट खोलकर जाल बिछाया है।
साइबर ठग किसी महिला नाम से पहले तो टारगेट पर लिए गए व्यक्ति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते हैं। इसके बाद दोस्ती होने पर मेसेंजर पर चैटिंग शुरू होती है और फिर साइबर ठग अपनी ओर से कोई महंगा तोहफा भेजने की बात कहता है। कुछ दिन बाद अचानक कस्टम ड्यूटी चुकाने के लिए उस व्यक्ति के पास फोन आता है। महंगे तोहफे के लालच में ज्यादातर लोग यह रकम चुका देते हैं। साइबर ठग इसी बातचीत के दौरान बैंक खाते का विवरण पूछकर उसकी बाकी रकम भी उड़ा लेते हैं। जब तक उस व्यक्ति का खूबसूरत महिला से दोस्ती का बुखार उतरता है तब तक ठग उसका बैंक खाता खाली कर चुके होते हैं। इसलिए साइबर ठग सोशल साइट्स पर उन लोगाें को अपना आसान टारगेट बना रहे हैं जिनकी दिलचस्पी सोशल साइट्स पर महिलाओं में अधिक दिखती है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के साइबर विशेषज्ञ विनय ऋषिवाल के मुताबिक इन दिनों फेसबुक पर खूबसूरत महिलाओं की प्रोफाइल बनाकर ठगी की तमाम घटनाएं सामने आ रही हैं। फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने वाला ठग दोस्ती होते ही मेसेंजर और फिर व्हाट्सएप नंबर लेकर चैट शुरू कर देता है। प्रेम-प्रसंग की बात करके महंगे उपहार भेजने का प्रलोभन दिया जाता है। कई बार शादी का झांसा देकर खुद दिल्ली एयरपोर्ट तक आने की बात कही जाती है। फिर फोन करके बताया जाता है कि उपहार कस्टम ड्यूटी में फंस गए हैं और दूसरा देश होने के चलते एटीएम बंद हो गया है या फिर कोई व्यक्ति फोन करके खुद को कस्टम अफसर बताकर कस्टम ड्यूटी चुकाने को कहता है। यहीं पर ठग का खेल शुरू होता है, कस्टम ड्यूटी के नाम पर लोगों को महंगे उपहार बताकर लाखों रुपये का चूना लगा दिया जाता है। केरल में मल्लिकासेरी के रहने वाले पादरी जोमन सैमुअल के साथ भी ऐसे ही ठगी की गई, इस मामले में बुधवार को आंवला थाने में रिपोर्ट लिखाई गई है।
ये सावधानी बरतें
-अनजान व्यक्ति की फेसबुक रिक्वेस्ट स्वीकार न करें
- उपहार के लालच में न आएं
- कस्टम ड्यूटी या किसी अन्य बहाने पर रुपये ट्रांसफर न करें
- कोई मेसेज आने पर ओटीपी शेयर न करें
- मित्रता सूची को सार्वजनिक न करें
- फेसबुक पर मौजूद सुरक्षा उपाय का प्रयोग करें ताकि कोई अनजान आपकी प्रोफाइल तक न पहुंच सके