बरेली। लंबी जद्दोजहद के बाद शासन ने छात्रवृत्ति के ऑनलाइन फार्म भरने की तारीख बढ़ाई तो अब वेबसाइट छात्रों को परेशान कर रही है। वेबसाइट के बार-बार हैंग होने और खुलने में काफी वक्त लेने की वजह से आवेदन करने में परेशानी हो रही है। छात्रों का कहना है कि आगे जब आवेदकों की संख्या बढे़गी तो वेबसाइट और ज्यादा दिक्कत करेगी।
इस बार कई कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित होने में देरी हुई है। इस वजह से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से रह गए थे। छात्रनेता फैज मोहम्मद सहित कई छात्रों ने यह दिक्कत रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ ही सीडीओ के सामने उठाते हुए छात्रवृत्ति के ऑनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़वाने की मांग की थी। इसके बाद शासन ने अंतिम तिथि 15 दिसंबर से बढ़ाकर 10 जनवरी निर्धारित कर दी। छात्रों का कहना है कि अब फार्म भरने में वेबसाइट खुलने में देरी से दिक्कत हो रही है। कई बार वेबसाइट हैंग भी हो जाती है। इससे पहले भी छात्रों ने ऑनलाइन फार्म का प्रिंट न निकल पाने की शिकायत की थी। छात्रों का कहना है कि छात्रवृत्ति के लिए फार्म भरने की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही वेबसाइट को लेकर समस्या और बढ़ेगी।