फोटो- मोईन अली का, उसकी स्कूटी, रामगंगा में तलाश करती पुलिस, तलाश में लगे गोताखोर पर नहीं मिला सुराग, सूफीटोला निवासी युवक का परिवार भी परेशान
बरेली। सूफी टोला निवासी मोईन अली ने बुधवार आधी रात रामगंगा पुल से नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान बदायूं निवासी पशु प्रेमी विकेंद्र व उनके साथियों ने रोकने की कोशिश की लेकिन वह जिंदगी से परेशान होने की बात कहकर कूद गया। स्कूटी की डिकी में रखे मोबाइल फोन से उसके परिवार को सूचना दी गई। भमोरा व सुभाषनगर थाना पुलिस गोताखोरों से तलाश करा रहीं हैं।
बुधवार रात करीब पौने बारह बजे बदायूं निवासी विकेंद्र शर्मा बरेली के अस्पताल में परिचित को देखकर अपने साथियों के संग कार से बदायूं लौट रहे थे। उन्होंने देखा कि रामगंगा पुल पर लगभग बीच में एक युवक स्कूटी रोककर खड़ा है और डिकी खोलकर देख रहा है। उन्होंने कार रोककर पूछा तो पहले युवक ने किसी का इंतजार करने की बात कही। फिर वह उनकी कार की ओर आया और कहा कि जिंदगी से परेशान हो गया हूं, अब जीना नहीं चाहता।
देखते ही देखते युवक ने अपने मोबाइल स्कूटी की डिग्गी में रखा। स्कूटी लॉक कर चाबी जेब में डाली और बोतल से कुछ पीकर पुल से नीचे रामगंगा में छलांग लगा दी। विकेंद्र और उनके साथी कार से निकलकर उसके पीछे दौड़े लेकिन उसे बचा नहीं सके। उन्होंने उसकी स्कूटी व घटनाक्रम का वीडियो बनाया। फिर ये लोग रामगंगा चौकी पहुंचे। वहां एक सिपाही था जिसे सूचना देकर बदायूं निकल गए। ब्यूरो
-
सुबह हो सकी युवक की पहचान, तलाश जारी
बृहस्पतिवार सुबह सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने मुआयना किया। पता लगा कि घटनास्थल भमोरा थाना क्षेत्र की सरदार नगर चौकी के क्षेत्र में है। फिर सरदार नगर चौकी के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार को बुलाया गया। स्कूटी और मोबाइल के आधार पर पता चला कि रामगंगा में छलांग लगाने वाला बारादरी थाना क्षेत्र से लापता सूफी टोला निवासी मोईन अली है। जितेंद्र सिंह ने बताया कि बरसात से रामगंगा का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है, इसलिए गोताखोरों को तलाश अभियान चलाने में दिक्कत आ रही है। शुक्रवार सुबह फिर तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
-
विकेंद्र बोले- हाथों से फिसल गया
पशु पक्षियों को लेकर संजीदा रहने वाले विकेंद्र इस घटना के बाद से हतप्रभ हैं। दूसरे दिन भी वह रात का मंजर नहीं भूल पा रहे थे। उन्होंने अमर उजाला से बातचीत के दौरान बताया कि मोईन की बातें सुनकर वह असमंजस में थे, इसी बीच उसने पुल के एक छोर पर दौड़ लगा दी। वह और उनके साथी दौड़े, युवक का हाथ भी पकड़ा लेकिन वह झटककर कूद गया।
-
पिता बोले- मुझे यकीन नहीं, चप्पल किसी और की
पिता मोहम्मद मियां ने बताया कि उन लोगों के पास काफी खेती और उसी से जुड़ा व्यापार है। मोईन की शादी नहीं हुई थी, वह भी उनके साथ यही काम करता था। घर से मोईन बुधवार शाम चार बजे जूते पहनकर निकला था। स्कूटी के पास जो चप्पल मिलीं वो किसी और की हैं। उनका बेटा अच्छा तैराक भी है। ऐसे में वह नहीं समझ पा रहे कि वही नदी में कूदा होगा। बताया कि बेटे की तलाश हो रही है। पूरा परिवार दुआ कर रहा है कि वह बिल्कुल ठीक हो।