तीन एकड़ जमीन की भी मांग, पीड़िता ने बारादरी थाने में कराई रिपोर्ट
बरेली। वेबसाइट के जरिये हुई शादी में कुछ महीने बाद ही खटास आ गई। शादी के कुछ दिनों बाद ही युवक कनाडा चला गया। युवती का आरोप है कि कनाडा में बसने की बात कहकर उससे एक करोड़ रुपये और तीन एकड़ जमीन की मांग की गई। पीड़िता ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लखीमपुर खीरी के लिनेस फार्म की निवासी इंदु कौर इन दिनों बारादरी थाना क्षेत्र के महेंद्रनगर फेस एक में रहती हैं। इंदु ने बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को बताया कि मैट्रीमोनियल बेवसाइट के जरिये उनका परिचय मुंबई के हकली केल्या वेद, अंधेरी ईस्ट निवासी हरदीप आनंद से हुआ। आपसी सहमति के बाद 10 फरवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। जनकपुरी गुरुद्वारे में सिख रीति-रिवाज से भी उनका विवाह हुआ।
इंदु ने बताया कि शाकाहारी परिवार बताकर विवाह किया गया था, लेकिन शादी के बाद हरदीप मीट पकाने और खाने का दबाव बनाने लगा। सात मार्च को वह कनाडा चला गया। वह वहां बस चलाता है। इसके बाद ससुराल वाले रुपये और जमीन के लिए उसे परेशान करने लगे। उसे कुछ दिन के लिए कनाडा भी भेजा, लेकिन उत्पीड़न जारी रहा। उसने मायके भेजने की गुहार लगाई तो उसे फ्लाइट से बरेली भेज दिया गया। तब से वह माता-पिता के साथ रह रही है। ब्यूरो
सास-ससुर भी गए कनाडा
इंदु का आरोप है कि उसके सास-ससुर भी अब कनाडा चले गए हैं। वहां से कॉल पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि हरदीप सिंह आनंद, ससुर गुरविंदर पाल सिंह आनंद और सास बलविंदर कौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।