बुधवार को डेंगू के चार नए मरीज मिले, निरोधात्मक कार्रवाई शुरू
बरेली। बदलते मौसम में वायरल रोगों के साथ मलेरिया और डेंगू का डंक भी बढ़ता जा रहा है। 48 घंटे में डेंगू के आठ और मलेरिया 14 नए मरीज मिले हैं। बुधवार को सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने संचारी रोग नियंत्रण मुहिम की समीक्षा की। रोकथाम संबंधी दिशा-निर्देश दिए।
जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, नए मरीज मिलने के बाद जिले में अब तक डेंगू के 21 और मलेरिया के 1913 मरीज हो चुके हैं। रोकथाम के लिए सीएमओ ने संचारी रोग नियंत्रण मुहिम में सहयोगी विभागीय समन्वय से झाड़ियों की कटाई, नाले-नालियों की सफाई, फॉगिंग, स्प्रे आदि कराने के लिए कहा।
साथ ही, वे क्षेत्र जहां मलेरिया या डेंगू के ज्यादा मरीज मिल रहे हैं वहां प्राथमिकता पर निरोधात्मक कार्रवाई के लिए कहा है। बैठक में एसीएमओ, एडीएमओ समेत सहयोगी विभागों के अफसर मौजूद रहे। ब्यूरो