फिर भी कम नहीं हुआ उत्पीड़न, जलाकर मारने की कोशिश की
बरेली। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने तीन तलाक दे दिया। दोबारा रखने की बात कही तो ससुराल वालों ने देवर के साथ हलाला करने की शर्त रखी। आरोप है कि देवर तीन माह तक विवाहिता के साथ दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद पति ने दोबारा निकाह किया, लेकिन विवाहिता को तंग करना नहीं छोड़ा। उसे जलाकर मारने की कोशिश की गई। विवाहिता ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है।
विवाहिता फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वर्ष 2016 में उसका रामपुर के भोट थाना क्षेत्र के युवक से निकाह हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद ही दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। मांग पूरी न हुई तो पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। विवाहिता के मायके वालों ने समझाया तो पति दोबारा रखने को तैयार हुआ, लेकिन ससुराल वालों ने हलाला की शर्त रख दी। देवर से हलाला कराया गया, लेकिन वह तीन महीने तक दुष्कर्म करता रहा। पति से दोबारा निकाह होने के बाद भी विवाहिता की पिटाई का सिलसिला नहीं रुका। विवाहिता ने फतेहगंज पश्चिमी थाने में तहरीर दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस पर वह बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर पति और ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
महिला को पीटकर निकाला फिर दिया तीन तलाक
बरेली। एसएसपी आफिस में बृहस्पतिवार को तीन तलाक का एक और मामला पहुंचा। महिला का कहना है कि पति दूसरी औरत के चक्कर में पड़ गया है। पति ने पहले उसे पीटकर घर से निकाल दिया। वह किराये के मकान में रहने लगी तो वहां आकर पिटाई की और तीन तलाक दे दिया।
बहेड़ी थाना क्षेत्र की महिला की शादी 10 साल पहले भोजीपुरा थाना क्षेत्र के युवक से हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। महिला ने बताया कि पति फर्रुखाबाद में वेल्डिंग का काम करता है। आरोप है कि वहीं पर उसने एक लड़की को फंसा लिया। तीन साल पहले लड़की को भगाकर साथ ले आया। लड़की को यह नहीं बताया कि वह शादीशुदा है उसके तीन बच्चे हैं। घर पर काफी हंगामा हुआ तो पति लड़की को उसके घर छोड़ आया। पति अब इस लड़की को रखना चाहता है। इसी कारण मारपीट कर पत्नी को एक साल पहले घर से निकाल दिया। महिला बाकरगंज में किराये पर कमरा लेकर बच्चों के साथ रहने लगी। 13 दिसंबर को पति बच्चों को देखने आया। इस दौरान वह दो बेटियों को ले जाने लगा। महिला ने साथ चलने की जिद की तो पिटाई कर उसे तीन तलाक दे दिया। एसएसपी ने किला पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।