बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में पति की बेशकीमती जमीन हथियाने के लिए पत्नी ने दबाव बनाया, जिससे मानसिक तनाव में आए पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। नाती की मौत से सदमे में आई दादी ने भी दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
धौरेरा माफी निवासी दुलीराम ने रिपोर्ट में बताया कि उनके बेटे जितेंद्र पटेल का विवाह अधकटा गांव निवासी उर्मिला से हुआ था। उर्मिला पति जितेंद्र पर बेशकीमती जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाती थी। विरोध करने पर झगड़ा करती थी। 21 अगस्त 2017 को इसकी शिकायत जितेंद्र ने पुलिस से की। इसके बाद उर्मिला और उसके परिजन का व्यवहार और क्रूर हो गया। 13 अक्तूबर को उर्मिला ने जमीन नाम कराने के लिए जितेंद्र से झगड़ा किया और 14 अक्तूबर को समस्त दहेज व दो लाख रुपये लेकर मायके चली गई।
22 अक्तूबर को फंदा लगाकर दी थी जान
दुलीराम ने बताया कि 20 अक्तूबर को जितेंद्र को गांव के बाहर बुलाकर पिटवाया गया। उर्मिला, उसके पिता वीरपाल, भाई मिलन पटेल, विमल पटेल व रिश्तेदार राकेश और धर्मपाल ने जितेंद्र पर जमीन नाम कराने का दबाव बनाया और आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। जितेंद्र ने तनाव में आकर 22 अक्तूबर को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना से जितेंद्र की दादी सदमे में आ गईं और 25 अक्तूबर को उनकी भी मौत हो गई। इज्जतनगर थाने में जितेंद्र के पिता ने उर्मिला समेत इन सभी लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।