दस दिन पहले बरेली में ब्याही लड़की से न सिर्फ दहेज मांगा गया बल्कि उसकी पति ने हनीमून पर जम्मू-कश्मीर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। जब परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उन्हें तुरंत टिकट बुक करवाकर बेटी को जम्मू-कश्मीर से घर बुलवा लिया। अब उन्होंने दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
बदायूं के कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रोफेसर कॉलोनी निवासी अनिल साहू ने 26 जनवरी 2023 को अपनी बेटी अश्रिता की शादी बरेली के आशापुरम निवासी अमन साहू के साथ की थी। अनिल के मुताबिक उन्होंने बेटी की शादी में 15 लाख रुपये नकद और सोने के जेवर समेत करीब 30 लाख रुपये खर्च किए थे।
ससुरालवालों ने मांगे 20 लाख रुपये
अश्रिता यहां से विदा होकर अपनी ससुराल पहुंची तो अचानक ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। उन्होंने अश्रिता से 20 लाख रुपये और मांगे। अश्रिता ने यह बात अपने मायके वालों को बताई। उन्होंने खुद उसके ससुराल वालों से बात करने की कहकर मामला टाल दिया था। एक फरवरी को अमन अश्रिता को हनीमून पर जम्मू कश्मीर ले गया।