मेयर से शिकायत का भी नहीं निकला कोई नतीजा, दिक्कतें झेल रहे हैं लोग
बरेली। सिविल लाइंस के एक इलाके के सैकड़ों घरों में करीब हफ्ते भर से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। नगर निगम के अफसरों के अलावा लोग सीधे मेयर उमेश गौतम से भी शिकायत कर चुके हैं लेकिन फिर भी पानी की सप्लाई शुरू होना तो दूर, यह भी पता नहीं लग पाया है कि सप्लाई आखिर बंद क्यों है।
नवाब साहब के अहाते के नाम से जाने जाना वाले 135 सिविल लाइंस में चार सौ से ज्यादा घर हैं जिनमें करीब हफ्ते भर से पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। इनमें तमाम परिवार ऐसे हैं जो काफी हद तक नगर निगम की सप्लाई पर ही निर्भर हैं लिहाजा इन परिवारों को पानी की सप्लाई बंद होने से भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। अहाते में ही रहने वाले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कर्मचारी जहीर अहमद के मुताबिक इलाके के लोग कई बार नगर निगम ने पानी की सप्लाई ठप होने की शिकायत कर चुके हैं। खुद उन्होंने इस बारे में मेयर उमेश गौतम को अवगत कराया है लेकिन फिर भी नगर निगम के अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अब तक यह भी नहीं पता लग सका है कि पानी की सप्लाई आखिर बंद क्यों है।