बरेली। बोर्ड बैठक के इंतजार में जनता से जुड़े काम नहीं रुकेंगे। सोमवार से स्वकर फाॅर्म की प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी। पार्षदों को महापौर ने यह आश्वासन दिया है।
जीआईएस सर्वे के बाद गृहकर का क्लेश थमने का नाम नहीं ले रहा। पहले भी स्वकर फॉर्म की प्रक्रिया बंद होने पर पार्षदों ने महापौर से बातचीत कर तारीख को आगे बढ़वाया था। तब साफ किया गया था कि शासन की ओर से जारी स्वकर फॉर्म को विभाग बंद नहीं कर सकता, लेकिन सात दिसंबर से विभाग ने दोबारा स्वकर फाॅर्म लेना बंद कर दिया।
इस प्रकरण में महापौर से बातचीत के बाद तय हुआ था कि 16 दिसंबर को होने वाली बजट बैठक में स्वकर से संबंधित लिखित आदेश कर दिए जाएंगे, लेकिन यह टल गई। अब 28 दिसंबर को बैठक होगी। पार्षदों ने इसको लेकर महापौर से मुलाकात की। इस पर महापौर ने आश्वस्त किया कि काम जारी रहेगा। 28 दिसंबर की बैठक में इससे संबंधित लिखित आदेश भी जारी कर दिया जाएगा।
सीटीओ छुट्टी पर, जोनल अधिकारी को जिम्मेदारी
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (सीटीओ) प्रदीप कुमार मिश्रा छुट्टी पर गए हैं। ऐसे में जोनल अधिकारी राजवीर सिंह को उन्होंने अपना चार्ज सौंपा है। इसी वजह से शुक्रवार को आदेश उन्हें नहीं मिल सका। महापौर का कहना है कि जोनल अधिकारी राजवीर को सोमवार को लिखित आदेश दे दिए जाएंगे।
जनता से जुड़े मामलों में किसी बैठक का इंतजार नहीं होता। सभी दलों के पार्षदों ने समस्या बताई है तो निश्चित तौर पर उसका समाधान किया जाएगा। सोमवार से स्वकर फॉर्म की प्रक्रिया शुरू होगी। - उमेश गौतम, महापौर
संवाद