बरेली। शुद्ध ही शुभ है...अभियान के तहत फूड एंड ड्रग्स ऑडिट में शहर के नामचीन होटल, रेस्टोरेंट में सफाई के दावों की पोल खुली। किचन में कॉकरोच, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने पर स्टेशन रोड स्थित कृष्णा भोजनालय, सिविल लाइंस स्थित रमाडा होटल का लाइसेंस निलंबित किया गया है।
ऑडिट टीम के निरीक्षण के बाद होटल रमाडा प्रबंधन ने खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, गुणवत्ता के मानकों के पालन के लिए ए प्लस ग्रेड मिलने का दावा किया था, पर यह 24 घंटे भी नहीं टिक सका। खाद्य सुरक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शासन के निर्देश पर अलग-अलग टीमों ने दूसरे जिलों में होटल, रेस्टोरेंट की औचक जांच की थी। टीम ने बरेली के 34 प्रतिष्ठानों में किचन, खाद्य पदार्थ के भंडारण, गुणवत्ता, जलनिकासी, कीट नियंत्रण, वेज-नॉनवेज खाद्य सामग्री सेग्रीगेशन की व्यवस्था देखी थी।
मानकों की अनदेखी पर होटल रमाडा और कृष्णा भोजनालय का लाइसेंस निलंबित हुआ। सहायक खाद्य आयुक्त संदीप चौरसिया ने बताया कि मानक पूरा न होने पर कार्रवाई हुई। मानक पूरे होने पर लाइसेंस बहाल होगा। बरेली खाद्य सुरक्षा विभाग टीम अन्य जिले के निरीक्षण पर थी।