बरेली। जिले के चार ब्लॉकों में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब छह माह से अटकी यह परियोजना अब रफ्तार पकड़ रही है। मझगवां, क्यारा, दमखोदा और बहेड़ी में निर्माण कार्य इसी सप्ताह शुरू होने की उम्मीद है।
जिला पंचायत की ओर से टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। यह योजना लंबे समय से लंबित थी, करीब एक साल से निर्माण शुरू होने का इंतजार था। अमर उजाला ने बीते सात अक्तूबर के अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के लिए करीब 16 करोड़ रुपये का बजट जिला पंचायत को पहले ही मिल चुका है। हालांकि, जिला पंचायत प्रशासक के अधिकार संबंधी गाइडलाइन दो माह तक न मिलने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
बीपीएचयू का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना है। इन इकाइयों से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और स्थानीय जरूरतों के आकलन में मदद मिलेगी। योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन भी संभव हो पाएगा। यहां रोगियों की निगरानी, सैंपल जांच और आपात स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंधन होगा। संक्रामक बीमारियों की समय पर पहचान और नियंत्रण भी किया जा सकेगा।
वर्जन
बीपीएचयू के निर्माण के लिए प्रस्तावित चारों विकासखंडों में भूमि मिल गई है। जल्द निर्माण आरंभ हो सके इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। इन यूनिटों के निर्माण होने से ग्रामीणों को तमाम स्वास्थ्य संबंधी सहूलियत मिल सकेंगी। - डॉ. नीतू सिसौदिया, अपर मुख्य अधिकारी